अमृत सरोवर, मनरेगा एवं जल
जीवन मिशन से संबंधित
समीक्षात्मक बैठक
उप विकास आयुक्त, रांची श्री विशाल सागर की अध्यक्षता में बैठक
मनरेगा अन्तर्गत सभी लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का निदेश
अमृत सरोवर के मोबाईल ऐप से संबंधित दी गयी जानकारी
उप विकास आयुक्त, रांची श्री विशाल सागर की अध्यक्षता में आज दिनांक 03 अगस्त 2022 को अमृत सरोवर, मनरेगा एवं जल जीवन मिशन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
जिला विकास अभिकरण, रांची सभागार में आयोजित बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमण्डल, रांची, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, रांची जिला तथा भूमि संरक्षण पदाधिकारी, रांची उपस्थित थे।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री विशाल सागर ने बताया कि वर्तमान में अमृत सरोवर सरकार की एक महत्वकांक्षी योजना है, जिसमें न्यूनतम एक एकड़ के भूखण्ड पर तालाबों का नवनिर्माण /जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के साथ-साथ उसके रख-रखाव एवं जीवीकोपार्जन हेतु ग्रामीणों की सहभगिता सुनिश्चित करना है।
उप विकास आयुक्त, रांची द्वारा दिनांक 15.08.2022 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नवनिर्माण/जीर्णोद्धार कराये गये तालाबों के भूखण्ड पर स्वतंत्रता सेनानी/शहीदों के परिजन / पदमश्री पुरस्कार से सम्मानित व्यक्ति/पंचायत के वरीय सदस्य को प्रखण्ड/पंचायत स्तरीय कार्यक्रम में सम्मिलित करने का निदेश दिया गया। साथ ही स्वतंत्रता के 75वें वर्षगाठ पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम को 13-15 अगस्त 2022 तक आयोजित करने का निदेश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा मनरेगा अन्तर्गत सभी लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का निदेश दिया गया। साथ ही 15वें वित्त अन्तर्गत उपलब्ध राशि से नियमानुसार योजनाओं का चयन करते हुए उनका क्रियान्वयन ससमय कराने का भी निदेश दिया गया।
बैठक में ठोस एवं तरल कचरे का निष्पादन हेतु सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मनरेगा से सोकपिट का निर्माण कराने का निदेश दिया गया।
बैठक में परियोजना पदाधिकारी एवं भूमि संरक्षण के कनीय अभियंता द्वारा अमृत सरोवर के मोबाईल ऐप से संबंधित जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रखण्डों के सहायक अभियंता/कनीय अभियंता, प्रखण्ड समन्वयक (पंचायती राज) एवं प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा को दिया गया।