राष्ट्रीय बालिका दिवस पर हस्ताक्षर
अभियान और शपथ ग्रहण
उपविकास आयुक्त रांची श्री दिनेश यादव ने की हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत
लोगों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की दिलायी गयी शपथ
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर 18-24 जनवरी तक आयोजित किये जायेंगे विविध कार्यक्रम
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत एक हफ्ते (18-24 जनवरी) तक मनाये जाने वाले राष्ट्रीय बालिका दिवस की शुरुआत शपथ ग्रहण और हस्ताक्षर अभियान से की गयी। उपविकास आयुक्त, रांची श्री दिनेश कुमार यादव ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत के साथ उपस्थित लोगों को बेटी बचाओ बेटी पढाओ की शपथ दिलायी। इस दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, रांची श्रीमती श्वेता भारती, विभिन्न बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित थे।
उपविकास आयुक्त श्री दिनेश कुमार यादव ने लोगों को कन्या भू्रण हत्या का विरोध करने, बेटी के जन्म पर खुशियां मनाने, बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा के लिए वातावरण निर्माण करने, बेटियों के खिलाफ भेद भावपूर्ण व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश पूरे समाज में प्रचारित करने की शपथ दिलायी।
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर (18-24 जनवरी) विविध गतिविधियां होंगी। भारत सरकार से प्रस्तावित गतिविधि आयोजित किये जाने के संबंध में उपविकास आयुक्त श्री दिनेश यादव ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार, 18-24 जनवरी 2023 तक प्रस्तावित गतिविधियों का आयोजन किया जाना है। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर उक्त अवधि में प्रखंड, ग्राम पंचायत और मुख्यालय स्तर पर विभिन्न प्रकार की गतिविधि और बालिकाओं के घटते लिंगानुपात को रोकने, बालिकाओं के कौशल विकास एवं उनके स्वास्थ्य, शिक्षा आदि के बारे में आम जनमानस को जागरूक किया जाएगा।
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर महिला, बाल विकास मंत्रालय से जारी रोस्टर के अनुसार प्रस्तावित गतिविधियां निम्न हैं:-
18 जनवरी
हस्ताक्षर अभियान/प्रतिज्ञा समारोह, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ शपथ ग्रहण समारोह।
19 जनवरी
बाल लिंगानुपात, बाल संरक्षण और लड़कियों में कौशल विकास के महत्व पर विशेष ग्राम सभा/महिला सभा की योजना पर चर्चा, घर/सार्वजनिक भवन/पंचायत कार्यालय आदि पर संदेश के साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश चिपकाना।
20 जनवरी
सरकारी/निजी स्कूलों के साथ लड़कियों के बीच खेलों को बढ़ावा देने पर कार्यक्रम। समाज कल्याण, सामुदायिक एकजुटता विद्यालयों पर समस्त पोस्टर, स्लोगन-लेखन, ड्राइंग,वॉल पेन्टिंग, वॉल राइटिंग आदि की प्रतियोगिता का आयोजन।
23 जनवरी
बेटी बचाओ बेटी पढाओ संवेदीकरण पर सामुदायिक बैठकें। बाल विवाह खत्म करने की दिशा में धार्मिक नेताओं/समुदाय के साथ कार्यक्रम। टॉक शो- स्वास्थ्य और पोषण, कानूनी पीसीपीएनडीटी, एमटीपी आदि, महिलाओं से सम्बन्धित अधिनियम की जानकारी प्रदान करना।
24 जनवरी
खेल, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, सामुदायिक संगठन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली स्थानीय बालिका चैम्पियन का जिला स्तर पर सम्मान, वृक्षारोपण अभियान व जिला महिला चिकत्सालय/सीएचसी/पीएचसी पर कन्या जन्मोत्सव मनाया जाना।
राशन कार्डधारियों को ससमय
खाद्यान्न उपलब्ध कराने के
लिए चावल दिवस का होगा आयोजन
उपायुक्त, रांची श्री राहुल कुमार सिन्हा ने सभी बीडीओ, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को दिए निर्देश
महीने की 15, 16, 25 और 26 तारीख को चावल दिवस का आयोजन करने का निर्देश
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का वितरण सुनिश्चित करें - उपायुक्त
रांची जिला में जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को ससमय खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने को लेकर चावल दिवस का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त, रांची श्री राहुल कुमार सिन्हा द्वारा इस संबंध में जिला के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी अनुभाजन क्षेत्र, रांची और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को इस संबंध में पत्र जारी कर निर्देश दिया गया है।
महीने की 15, 16, 25 और 26 तारीख को चावल दिवस
उपायुक्त श्री राहुल कुमार सिन्हा द्वारा प्रत्येक महीने की 15, 16, 25 और 26 तारीख को चावल दिवस का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त द्वारा लक्षित जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का वितरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
व्यापक प्रचार-प्रसार का निदेश
जागरूकता के अभाव में कई ऐसे लाभुक हैं जो कि समय बीत जाने के बाद खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री जन वितरण प्रणाली दुकान से प्राप्त नहीं कर पाते हैं, ऐसे लाभुकों को जन वितरण प्रणाली दुकानों से ससमय खाद्यान्न प्राप्त हो इसे लेकर उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के लाभुकों को चावल दिवस के संबंध में जानकारी देने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया है।