UP : भगवान श्रीराम के वापस लौटने की खुशी में अयोध्या सजधज कर तैयार है। लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने पर जिस तरह त्रेतायुग में श्रीराम का मान-सम्मान हुआ था, ठीक कुछ वैसा ही दृश्य अयोध्या में दिखाने की तैयारी हो रही है। 11 नवंबर की शाम भगवान राम पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से वनवासी की वेशभूषा में माता सीता व लक्ष्मण के साथ रामकथा पार्क पर उतरेंगे। यहां गुरु वशिष्ठ के रूप में CM योगी आदित्यनाथ व गर्वनर आनंदी बेन पटेल उनकी अगवानी करेंगे। वहीं, हेलीकॉप्टर से पूरी अयोध्या में पुष्पवर्षा होगी। यह नजारा अद्भुत होगा। पूरे अयोध्या में 24 लाख दीये जलाकर इस लम्हे को यादगार बनाने की तैयारी है। लेजर शो होगा। रंग-बिरंगी रोशनी से पूरे अयोध्या को सजाने-संवारने पर जोर है। जगमगाते स्वागत द्वार बनाये जायेंगे। पूरी अयोध्या दीपोत्सव की साक्षी बन सके, इसके लिए 24 स्थानों से लाइव प्रसारण भी होगा। दीपावली में इस बार मां सरयू की महाआरती भी खास होगी। CM योगी मां सरयू की आरती उतारेंगे। सरयू के आरती घाट को रामायणकालीन दृश्यों से गजब का सजाया जा रहा है।