रांची: रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा ने नशे के सौदगरों को धरने का एक नायाब तरीका निकाला और कामयाब भी हो गये। गुरुवार की रात उन्हें एक खबर मिली कि राजधानी के बीच शहर में विद्यानगर पुल के पास हर रोज BS यानी ब्राउन शुगर की पुड़िया बेखौफ बिक्री की जाती है। कई वहीं पर टान लेते हैं, उस राह आना-जाना खतरे से खाली नहीं। नशेड़ियां खुराफाती करते रहते हैं। क्राइम भी होते रहता है। इस सूचना को पुलिस कप्तान ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कोतवाली के तेज-तर्रार DSP प्रकाश सोय को आगे का टास्क दिया। प्लानिंग के अनुसार DSP प्रकाश सोय, सुखदेवनगर के थानेदार विनोद कुमार एवं कोतवाली के थानेदार शैलेश प्रसाद पूरे लाव-लश्कर के साथ ई-रिक्शा से निकल पड़े। सूचना पक्की निकली। बेखौफ नशे के सौदागर अपना काम कर रहे थे। सबको खदेड़ कर धर-दबोचा गया। उनके पास से गांजा और ब्राउन शुगर मिले। करीब आधा दर्जन सौदागर धरे गये है। सबसे पूछताछ की जा रही है।