नए साल के जश्न के बीच धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में पैसे के लेने देन को लेकर अपराधियों ने दहशत फैला दी. निरसा के खुदिया कालीमाटी कॉलोनी में चार से पांच युवकों ने 6 से 7 राउंड फायरिंग कर इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. फायरिंग की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग सहम गए और पुलिस को सूचना दी.
वहीं, सूचना मिलते ही निरसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखे बरामद किया. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले युवक का नाम युवराज सिंह बताया जा रहा है. घटना के बाद आरोपी युवक अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है.
निरसा पुलिस और एसडीपीओ रजत माणिक बाकला ने बताया कि निरंजन नामक युवक ने किसी शख्स से करीब 15 हजार रुपए उधार लिए थे. रकम वापस न करने और फोन कॉल का जवाब नहीं देने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया.
इसी दौरान रास्ते में दोनों पक्षों का आमना-सामना हुआ और पहले हल्की झड़प हुई, जिसके बाद दो युवकों ने कॉलोनी में घुसकर गोलीबारी की. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
