नवादा जिले के धमौल थाना में पदस्थापित चौकीदार जितेंद्र पासवान पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है. बताया जाता है कि थाना के ठीक सामने अपराधियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर ने उनके पेट में कई बार चाकू से वार किया. घटना के बाद वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया.
चिकित्सकों ने चौकीदार जितेंद्र पासवान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया, हलांकि इलाज के दौरान मेडिकल अस्पताल में चौकीदार जितेंद्र पासवान की मौत हो गई है. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. थाना के सामने हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस को जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. थाना के सामने हुई इस वारदात के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
