रांची : साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में आखिरकार मौसम ने करवट ले ली है। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शुक्रवार से शुरू हुई बारिश ने बड़ी राहत दी है। सुबह से ही तेज हवाएं चलने लगीं, आसमान में बादल छा गए और राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया।
शनिवार सुबह राजधानी रांची समेत कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश होने लगी। बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे पूरे राज्य का मौसम सुहाना हो गया।
तापमान में भारी गिरावट
बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार बोकारो में लगभग 25 मिमी और रांची में करीब 15 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके साथ ही रांची का अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे में 8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं मेदिनीनगर में 6.5 डिग्री, जमशेदपुर में लगभग 4 डिग्री और चाईबासा में 3.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। तापमान में आई इस गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली।
13 जिलों में आंधी और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने शनिवार को रांची समेत 13 जिलों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा रविवार को पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 1 और 2 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
फिलहाल मौसम के इस बदलाव से झारखंडवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहाना बने रहने की संभावना है।
