बांग्लादेश में खसरे (मीजल्स) के बढ़ते मामलों के मद्देनजर झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर मेडिकल कैंप लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही संभावित संक्रमण की रोकथाम को लेकर निगरानी और जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संथाल परगना प्रमंडल के दुमका, देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इन क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों की निगरानी के साथ स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
जिला टीकाकरण पदाधिकारी डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जैसे सार्वजनिक स्थलों पर मेडिकल कैंप स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा खसरे को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल देवघर जिले में खसरे का कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, किसी व्यक्ति में लक्षण पाए जाने पर तत्काल जांच, भर्ती और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अस्पतालों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। रिम्स में छह बेड का विशेष आइसोलेशन वार्ड आरक्षित रखा गया है, जबकि अन्य सरकारी अस्पतालों को भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, शरीर पर चकत्ते या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
