समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में एक निजी फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान दीनदयाल रजनीश (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चकमेहसी थाना क्षेत्र के शिवनगर (वार्ड-4) निवासी कृष्णदेव शरण के पुत्र थे. रिपोर्टों के अनुसार, दीनदयाल रजनीश पिछले तीन से चार वर्षों से विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंधियाघाट स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. मृतक के भाई नरेंद्र कुमार ने बताया कि दीनदयाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. उनकी शादी पांच वर्ष पहले हुई थी और उनकी एक चार वर्षीय पुत्री भी है.
अधिकारियों द्वारा काम को लेकर दबाव!
परिजनों का आरोप है कि कंपनी के अधिकारियों द्वारा लगातार काम का दबाव बनाया जाता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे. नरेंद्र कुमार के अनुसार, दीनदयाल अकसर नौकरी छोड़ने की बात कहते थे. पिछले वर्ष उन्होंने इस्तीफा भी दिया था, लेकिन अधिकारियों के समझाने पर नौकरी जारी रखी. घटना के संबंध में बताया गया कि आज सुबह करीब 6:30 बजे कंपनी के स्टाफ ने परिजनों को सूचना दी कि दीनदयाल कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां विभूतिपुर थाना की पुलिस पहले से मौजूद थी.
पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला
करीब 11 बजे दरवाजा तोड़ा गया तो दीनदयाल का शव कमरे के अंदर पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है. वहीं, इस मामले में विभूतिपुर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि ब्रांच मैनेजर के फंदे से लटके होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
