बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार बनने के बाद से अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार जारी है. इसी कड़ी में समस्तीपुर पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार का हाफ एनकाउंटर कर दिया. जानकारी के मुताबिक, पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है. पकड़े गए अभियुक्त प्रिंस कुमार पर कई अपराधिक वारदातों को अंजाम देने का आरोप है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रिंस कुछ दिनों पहले उजियारपुर सराय रंजन और कल्याणपुर थाना इलाके में सीएसपी लूट और सड़क पर खुलेआम छिनतई के मामलों में शामिल था. कुछ अन्य मामलों में भी वह वांछित था.
जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ समस्तीपुर जिले के होशियारपुर थाना क्षेत्र में हुई. बताया जा रहा है कि पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम इलाके में पहुंची और घेराबंदी की गई. इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें बदमाश प्रिंस कुमार को गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए समस्तीपुर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया है.
बता दें कि बिहार में तीन दिन के अंदर यह चौथा एनकाउंटर हुआ है, जिसमें अपराधी लंगड़ा बन गया है. इससे पहले पटना में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस दिन अहले सुबह गोपालपुर के उदयनी गांव के पास मुठभेड़ में कैश वैन से 27 लाख लूटने वाले अपराधी नीतीश कुमार के पैर में गोली लगी थी. सोमवार को पटना और सिवान में पुलिस के साथ अपराधियों की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो अपराधी पुलिस की गोली लगने से लंगड़े हो गए थे.
