शिवहर जिले में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कृषि कार्यालय में पदस्थापित प्रधान सहायक बिजेन्द्र कुमार को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है यह कार्रवाई जिला कृषि कार्यालय कक्ष से की गई है. जानकारी के अनुसार पिपराही थाना क्षेत्र के माधोपुर सिंगाही गांव निवासी मनिषा देवी ने आरोप लगाया था कि खाद एवं बीज दुकान का लाइसेंस जारी करने के एवज में प्रधान सहायक बिजेन्द्र कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी जिसकी शिकायत निगरानी विभाग को दी गई.
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया. जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर प्राथमिकी दर्ज की गई. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में विशेष धावा दल का गठन किया गया और निगरानी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया. इस कार्रवाई के बाद जिला कृषि कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
इसी तरह से राजधानी पटना के जानीपुर थाना में अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को एक लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया है. निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रूपसपुर निवासी कौशल किशोर ने शिकायत की थी कि जानीपुर थाना क्षेत्र में उनकी जमीन की मापी होने के बावजूद बाउंड्री कराने में असामाजिक तत्व बाधा डाल रहे थे. जब उन्होंने पुलिस से सहायता मांगी तो आरोपी पुलिस अधिकारी ने रिश्वत की मांग की थी. आरोपी अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को एक लाख रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया गया है.
.jpg)