कैमूर में चल रहा था क्रिकेट मैच, तभी आए कुछ लोग और युवक के सीने में सटाई पिस्टल, मारी गोली

News Ranchi Mail
0

                                                    


कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के कूड़ासन गांव में 9 जुलाई, 2026 (गुरुवार शाम) को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां स्कूल परिसर में क्रिकेट खेलने के दौरान एक युवक को बेहद नजदीक से सीने में गोली मार दी गई. वारदात के बाद हमलावर ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गया. घायल युवक को गंभीर हालत में सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम की है. कूड़ासन गांव निवासी विनायक तिवारी का 25 वर्षीय पुत्र विनीत तिवारी गांव के ही विद्यालय ग्राउंड में अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था. सभी दोस्त खेल में मशगूल थे, तभी अचानक उफरवलिया गांव का रहने वाला गोलू तिवारी वहां आ धमका.

घायल विनीत के दोस्त आनंद मोहन पटेल ने बताया कि गोलू तिवारी सीधे विनीत के पास पहुंचा और बिना कुछ सोचे-समझे पिस्टल उसके सीने से सटाकर गोली मार दी. गोली लगते ही विनीत लहूलुहान होकर मैदान पर गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी रुका नहीं, उसने मैदान पर मौजूद अन्य लड़कों को डराने और दहशत का माहौल बनाने के लिए तकरीबन 7 से 8 राउंड हवाई फायरिंग की. ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकला.

खून से लथपथ विनीत को उसके दोस्तों और स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और तुरंत बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !