बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र से पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां पुलिस ने छापेमारी कर दो वारंटियों को गिरफ्तार किया, लेकिन झोपड़पट्टी में रहने वाली दर्जनों महिलाओं ने पुलिस का विरोध करते हुए दोनों वारंटियों को गिरफ्त से छुड़ा लिया. इसके बाद मौका मिलते ही दोनों आरोपी फरार हो गए. पूरा मामला लोहियानगर गुमटी स्थित झोपड़पट्टी का है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कई मामलों में फरार चल रहे दो वारंटी झोपड़पट्टी में छिपे हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, दोनों वारंटियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस वैन में बैठाकर थाने ले जाया जा रहा था. इसी दौरान झोपड़पट्टी में रहने वाली दर्जनों महिलाएं मौके पर पहुंच गईं और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगीं. देखते ही देखते महिलाओं की भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और दोनों वारंटियों को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया. इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी धारा 323, 341, 147, 504 समेत कई धाराओं के मामले में आरोपी हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे.
वहीं, मौके पर मौजूद हवलदार वंशीधर ने बताया कि एनएच-31 सड़क किनारे स्थित झोपड़पट्टी में रहने वाले कुछ बदमाश रात के अंधेरे में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस महिलाओं पर बल प्रयोग नहीं कर सकती और न ही गोली चला सकती है. हवलदार ने आगे कहा कि वरीय अधिकारियों से आदेश मिलने के बाद पर्याप्त पुलिस बल के साथ दोबारा कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाए गए दोनों वारंटियों की तलाश जारी है. अब देखना होगा कि पुलिस दोनों फरार आरोपियों को दोबारा कब गिरफ्तार करती है और इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है.
