जन्माष्टमी का मेला देखकर घर लौट रहे एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के बजलपुरा वार्ड नंबर-13 की है. बताया जा रहा है कि दो गुटों के बीच मारपीट के दौरान अचानक ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई, जिसकी चपेट में आने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए तेघड़ा पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक छात्र की पहचान बजलपुरा वार्ड नंबर-13 निवासी मोहम्मद आशिक के पुत्र मोहम्मद समीर के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, समीर अपनी बहन के साथ तेघड़ा में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का मेला देखकर घर लौट रहा था. घर से कुछ ही दूरी पर दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो रही थी. मारपीट देखने के लिए समीर भी वहां रुक गया. इसी दौरान एक गुट की ओर से अचानक गोलीबारी शुरू हो गई. गोलीबारी के दौरान एक गोली समीर के सीने में जा लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर भगदड़ मच गई.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल समीर को तुरंत तेघड़ा पीएचसी लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों का आरोप है कि समीर का किसी भी विवाद से कोई लेना-देना नहीं था. वह अपनी बहन के साथ जन्माष्टमी का मेला देखकर घर लौट रहा था, तभी दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में उसकी जान चली गई. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों और परिजनों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखने को मिल रहा है.
वारदात की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोलीबारी की वजह क्या थी और इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे.
.jpg)