झारखंड में 25 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश, आठ जिलों में अलर्ट जारी

News Ranchi Mail
0

                                                   


रांची : मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड पर पड़ रहा है। इसके चलते राज्य में 25 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना है। मंगलवार को भी दिनभर बारिश होती रही और बुधवार सुबह से अधिकांश जिलों में बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग ने 21 और 22 अगस्त के लिए रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जमशेदपुर में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। इन जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में सबसे अधिक 36.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। अगले 24 घंटे में भी राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मध्य और दक्षिणी झारखंड में रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी।

27% अधिक बारिश, साहिबगंज अव्वल

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से अब तक झारखंड में 888.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य 700.5 मिमी से 27% अधिक है। साहिबगंज में सबसे ज्यादा 1094.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि गढ़वा में सबसे कम 375.6 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में राज्य में औसतन 16 मिमी बारिश हुई।

तापमान में बड़ा बदलाव नहीं

अगले पांच दिनों तक झारखंड में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा में 27 से 29 डिग्री रहने की संभावना है।

सबसे कम तापमान रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा में

रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री रहने की उम्मीद है, जिससे सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस होगी। वहीं, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहेगा, जिससे उमस का अहसास होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !