धनबाद में कुछ दिन पहले एक युवक की हत्या हुई थी, और अब पुलिस ने इस मामले को सुलझा लिया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हुए हथियार भी बरामद कर लिए हैं. देसी कट्टा, मोटरसाइकिल और कपड़े भी जब्त किया गया है. ये हादसा 18 नवंबर को हुआ था. झरिया थाना इलाके में कतरास मोड़ के पास बाइक पर सवार कुछ अज्ञात लोगों ने एक युवक को गोली मार दी. जिसका नाम प्रेम यादव था. गोली लगने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई थी. जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली और उन्होंने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी.
मृतक के पिता ने जब थाने में शिकायत दर्ज कराई तो मामले की गंभीरता देखते हुए धनबाद के सीनियर पुलिस अधिकारी ने एक स्पेशल टीम बनाई और जांच शुरू कार दी. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया की टीम ने तकनीकी तरीके से जांच की, जैसे मोबाइल लोकेशन ट्रैक करना और गुप्त जानकारी इकट्ठा करना और इसी आधार पर आरोपियों तक पहुंचे.
पुलिस ने बताय कि तीनों आरोपी अलग-अलग जगहों से पकड़े गए हैं. रोहित कुमार सिंह और कुनाल कुमार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से दबोचा गया. तीसरा आरोपी आकाश गोप बिहार के वैशाली जिले से पकड़ा गया. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें धनबाद लाकर उनसे पूछताछ की. पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हथियार मिले, जैसे पिस्टल, देसी कट्टा, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस. साथ में मोटरसाइकिल और वारदात के समय के कपड़े भी मिले.
पुलिस ने सब कुछ जब्त कर लिया और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया अब आगे की जांच चल रही है. आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है. वे पहले हत्या, रंगदारी और हथियार रखने जैसे मामलों में जेल भी जा चुके हैं. जांच से ये भी सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से झगड़ा था, जो हत्या की वजह बना.
पुलिस ने बताया कि जांच में ये बात साफ हो गई कि ये हत्या पुरानी दुश्मनी की वजह से हुई. दोनों पक्षों में पहले से तनाव था. अब आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा. सिटी एसपी ने कहा कि टीम के सभी सदस्यों को उनके मेहनत के लिए सम्मान मिलेगा.
