झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव जारी है. राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है, जो कि 9 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य में एक तरफ तापमान बढ़ने से लोगों को ठंड से आराम मिलने की संभावना है, तो वही दूसरी ओर दिल्ली और उत्तरी भारत में हो रही बारिश का असर राज्य के कई जिलों में दिख रहा है. आलम ऐसा है कि न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है. ऐसे में लोगों को ठंड से सावधान रहने की जरूरत है.
रांची मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 3 फरवरी को रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद में बारिश हो सकती है.
झारखंड में आज का मौसम
रांची मौसम विभाग की माने तो आज (29 जनवरी) गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार इन चार जिलों में बारिश होने की संभावना है. जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है. इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. बीते दिन सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. आज रांची में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वही, गुमला और खूंटी में अधिकतम 25 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है
रांची में AQI का हाल
खबर लिखे जाने तक राजधानी रांची में AQI 220 दर्ज किया गया है, जो कि गंभीर की श्रेणी में आता है. वर्तमान PM2.5 स्तर शहर के औसत वायु गुणवत्ता स्तर के आधार पर 166 µg/m³ है, जो नागरिकों के लिए असुरक्षित है (PM2.5 स्तर 11.06x ऊपर है जो कि अनुशंसित WHO दिशा-निर्देश 15 µg/m³ से है). वही, वर्तमान PM10 स्तर शहर के औसत वायु गुणवत्ता स्तर के आधार पर 204 µg/m³ है, ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है.
