नवादा जिले के नवीन नगर में चल रहे ऑनलाइन सेक्स के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त भी मुक्त कराया है. सेक्स की दुकान चला रहे चार युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पेटीएम स्कैनर समेत कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए हैं. पेटीएम से ऑनलाइन पेमेंट कर कस्टमर की बुकिंग होती थी.
सेक्स का धंधा नगर थानाक्षेत्र के नवीन नगर के श्रवण यादव के मकान में चल रहा था. पुलिस को सूचना मिली थी कि नवीनगर स्थित श्रवण यादव के मकान में नाबालिग लड़कियों से अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापामारी टीम गठित की. इस टीम में नगर थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस अधिकारी और महिला पुलिसकर्मी शामिल थे.
गठित टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की. छापेमारी के दौरान मौके से चार युवक और दो नाबालिग लड़कियां मिलीं. महिला अधिकारियों द्वारा पूछताछ करने पर नाबालिग लड़कियों ने बताया कि उनसे जबरदस्ती देह व्यापार कराया जाता था और इसके बदले उन्हें कुछ पैसे दिए जाते थे.
लड़कियों के नाम-पते पूछने के बाद मकान की विधिवत तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान एंड्रॉयड मोबाइल, 3 कीपैड मोबाइल, 1 आधार कार्ड, सिम कार्ड, 4 पैकेट कंडोम, 1 पत्ता दवा, 2 डब्बे सिगरेट, 1 डब्बा माचिस, 1 पेटीएम स्कैनर मशीन, 1 पेटीएम बॉक्स, 10,820 रुपये नकद और 1 साउंड बॉक्स बरामद किया गया. जिस मकान में सेक्स का धंधा चल रहा था उस मकान के पीछे कई ब्रांड के सैकड़ो खाली शराब की बोतल फेंका हुआ पाया गया.
बताया जाता है कि सेक्स से पहले लड़कियों को शराब पिलाई जाती थी और साथ ही साथ सेक्स की दवा खिलाई जाती थी. जिस जगह पर धंधा चल रहा था उसके आसपास कई कोचिंग संस्थान भी है जहां छात्र-छात्राएं पढ़ने जाती हैं. पकड़े गए युवक से सघन पूछताछ की गई. उन्होंने अपने स्वीकारोक्ति बयान में देह व्यापार का धंधा करने की बात कबूल की. पूछताछ के बाद सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
डीएसपी हुलास कुमार ने कहा कि पुलिस अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रौशन कुमार उर्फ साहेब कुमार उर्फ लंगड़ा (24 वर्ष, निवासी सोहडी, नालंदा), गुलशन कुमार (25 वर्ष, निवासी नारदीगंज, नवादा), तनु कुमार (27 वर्ष, निवासी नारदीगंज, नवादा) और प्रियांशु कुमार (22 वर्ष, निवासी नारदीगंज, नवादा) के रूप में हुई है.
