बेतिया के नरकटियागंज में अंडा बेचने वाले की गोली मार हत्या कर दी गई है. नंदपुर रेलवे ढाला के समीप युवक का शव बरामद हुआ है. युवक के सर में गोली मारी गई है. मृत अंडा व्यवसाई का नाम विजय कुमार जो नरकटियागंज के वार्ड नंबर सात का रहने वाला था. मृतक की पत्नी माया देवी ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि अपराधी रोज धमकी देते थे पुलिस को सूचना देती थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और आज अपराधियों ने गोली मार हत्या कर दी है.
व्यवसाई पर पहले भी हुआ था हमला
इससे पहले भी युवक पर 29 नवंबर को चाकू मारा गया था, जिसमें पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. लेकिन उसमें से एक आरोपी लगातार व्यवसाई को धमकी दे रहा था. व्यवसाई ने शिकारपुर थाना को धमकी की सूचना दी थी. व्यवसाई ने पुलिस से एक आरोपी को गिरफ्तार करने की गुहार भी लगाई थी, लेकिन पुलिस ने धमकी को नजर अंदाज कर दिया और आज नंदपुर ढाला के समीप व्यवसाई विजय का शव मिला है.
पुलिस की लापरवाही से व्यवसाई की गई जान
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया है. शव के पास से पुलिस ने देशी कट्टा भी बरामद किया है. एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. पूर्व के विवाद में तीन आरोपियों को जेल भेजा गया था, चौथे की तलाश जारी थी. एफएसएल की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है. परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही से व्यवसाई को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या की है. शिकारपुर थाना को सूचना दिया गया था कि अपराधी लगातार धमकी दे रहे हैं. लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. वही, अब घटना को लेकर परिजन और स्थानीय लोगों ने नरकटियागंज पोखरिया सड़क जाम कर दिया है.
