दिल्ली के संसद भवन में बजट सत्र चल रहा है. बजट सत्र के दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच तीखे हमले देखने को मिल रहे हैं. केंद्र में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रकरण पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष किया. बीजेपी पर संविधान की हत्या करने का आरोप लगाते हुए डॉक्टर इरफान अंसारी ने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया. आज भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी को पार्लियामेंट में बोलने से रोक रही है.
उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष कोर आरएसएस के तौर पर काम कर रहे हैं. इरफान अंसारी ने यहां तक यह भी कह दिया कि लोकसभा अध्यक्ष को राहुल गांधी से माफी मांगनी चाहिए.
गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे की ओर से दिए गए बयान पर इरफान अंसारी ने तल्ख लहजे में उन्हें आउट ऑफ कंट्रोल न रहने की नसीहत दी है. इरफान अंसारी ने कहा कि निशिकांत दुबे बहुत ही हल्के व्यक्ति हैं और वह आउट ऑफ कंट्रोल हो रहे हैं. यह सही बात नहीं. निशिकांत दुबे फोटोकॉपी कराकर संसद में भ्रामक जानकारी दे रहे हैं.
डॉक्टर इरफान अंसारी ने यह भी कहा कि जिस तरीके से झारखंड में हमने बीजेपी की धज्जियां उड़ा दी हैं उसी तरीके से हम पार्लियामेंट में भी बीजेपी को हर जवाब देंगे और अब झारखंड विधानसभा के बाद उनका अगला टारगेट पार्लियामेंट है. अब पार्लियामेंट में पहुंचकर बीजेपी की धज्जियां उड़ाई जाएगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहुल गांधी का अपमान नहीं सहेगा इरफान.
