होली के पावन अवसर पर अपने घर लौटने वाले झारखंड के प्रवासी नागरिकों और यात्रियों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए राज्यसभा सांसद श्री दीपक प्रकाश ने एक अहम पहल की है. त्योहार के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़, लंबी वेटिंग लिस्ट और सीमित रेल सेवाओं के कारण यात्रियों को हो रही कठिनाइयों को लेकर उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर रांची और हटिया रेलवे स्टेशनों से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए 'होली स्पेशल' ट्रेनों के संचालन की मांग की है. सांसद का कहना है कि होली जैसे बड़े पर्व पर लोगों का अपने परिवार के साथ समय बिताना जरूरी है और इसके लिए सुरक्षित, सुगम व पर्याप्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है.
अपने पत्र में श्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट किया कि मौजूदा रेल सेवाएं होली के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ के लिए नाकाफी साबित हो रही हैं. उन्होंने उत्तर भारत के लिए आरा, गोरखपुर, जयनगर, नई दिल्ली और जम्मू तवी, पश्चिम व मध्य भारत के लिए सूरत, भोपाल, जोधपुर और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) तथा दक्षिण भारत के लिए हैदराबाद, दुर्ग और अल्लेप्पी तक विशेष ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव दिया है. सांसद ने कहा कि इन रूटों पर झारखंड से बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं.
रेल मंत्री को संबोधित पत्र में सांसद ने लिखा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और पारिवारिक मेल-मिलाप का पर्व है. झारखंड से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और व्यापार के सिलसिले में अन्य राज्यों में रहते हैं. त्योहार के समय ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ और सीट न मिलने से यात्रियों को काफी समस्या होती है.
दीपक प्रकाश ने विश्वास जताया कि होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक व व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने रेल मंत्रालय से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है. सांसद की इस पहल की झारखंड भर में सराहना हो रही है, क्योंकि यह सीधे तौर पर आम लोगों की जरूरतों और त्योहार की खुशियों से जुड़ा विषय है.
