राजधानी रांची में हाल के दिनों अपराधियों ने 6 लूट और डकैती की वारदात को अंजाम दिया है. साथ ही, दो स्नैचिंग का मामला भी सामने आया है. इन घटनाओं से अपराधियों ने रांची पुलिस को खुली चुनौती दी, जिसके बाद गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने आखिरकार 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि गिरोह के कुछ सदस्य अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है. जिन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.
वारदात से लोगों में मचा हड़कंप
राजधानी रांची में एक ही दिन 4 लूट की वारदात से लोगों में हड़कंप मच गया था. इतना ही नहीं, इन घटनाओं के बाद से ही पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे थे. जिसके बाद इस पूरी वारदात का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस ने एक टीम बनाई और मामले में शामिल 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अपराधियों के पास से पिस्टल, चाकू, टूल बॉक्स, लूट के पैसे, कार, बाइक और स्कूटी बरामद किया गया है. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदि थे और नशे की लत को पूरा करने और अपन गिरोह का दबदबा बढ़ाने के इरादे से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया करते थे.
निशाने पर थे दो ज्वेलरी शॉप
इस गिरोह के निशाने पर दो ज्वेलरी शॉप भी थे, जिनकी रेकी अपराधियों द्वारा की जा चुकी थी. गिरफ्तार आरोपियों में कई का आपराधिक इतिहास भी रहा है और कहीं न कहीं आने वाले दिनों ये कई बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. फिलहाल पुलिस ने मामले का खुलासा तो कर दिया है, लेकिन अभी भी चुनौतियां बरकरार है. क्योंकि अभी भी कई अपराधी गिरफ्त से बाहर है.
