जहानाबाद में बेखौफ अपराधियों ने एक जमीन कारोबारी को सरेराह गोली मारकर सनसनी फैला दी. इस वारदात ने न केवल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. घटना पाली थाना क्षेत्र के गोलकपुर गांव के पानी टंकी के समीप की है. घायल युवक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो जमीन की खरीद-बिक्री का कार्य करता है. घायल युवक ने बताया कि वह अपने सहयोगी के साथ बाइक पर सवार होकर जहानाबाद से बाजार करने के बाद अपने गांव लौट रहा था. तभी गांव का ही कुख्यात बड़डू यादव शराब के नशे में धुत्त होकर गाली-गलौज करने लगा. जैसे ही अशोक बाइक रोककर नीचे उतरा, तो अपराधी ने अचानक तड़ातड़ दो-तीन राउंड फायरिंग कर दी.
पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप
इस दौरान एक गोली अशोक के दाहिने पैर की जांघ में जा लगी. वहीं, परिजनों का आरोप है कि हमलावर बड़डू यादव एक पेशेवर अपराधी है, जिस पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं. वह हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है और आते ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया. घायल युवक का कहना है कि उसका अपराधी से कोई विवाद नहीं था. घटना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से घायल को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. इधर जब पुलिस की टीम अस्पताल में फर्द बयान लेने पहुंची, तो उन्हें परिजनों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा. परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए बयान दर्ज कराने से साफ इनकार कर दिया. वही वारदात को अंजाम देकर अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहा. फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है.
सुपौल में भी अपराधियों का तांडव
सुपौल में भी अपराधियों का तांडव देखने को मिला है, जहां देर शाम एक युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने हवा भी गोली चलाई. हालांकि पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है. यह घटना किशनपुर थाना क्षेत्र के सिसौनी चौक के समीप घटी है, जहां देर शाम अपराधियों ने चाय की दुकान पर बैठे एक युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दिया गया.
बताया जा रहा है वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में घायल युवक को सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान कटहरा निवासी 28 वर्षीय राजेश शर्मा के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. मामले में अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
