राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बाईपास थाना क्षेत्र के बाहरी बेगमपुर सती चौरा के पास गुरुवार सुबह 10 साल की छात्रा का शव एक गली में कंबल में लिपटा हुआ मिला. घटना स्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि बुधवार (22 अप्रैल) सुबह छात्रा अपने स्कूल ड्रेस में घर से पास ही दूध देने निकली थी. इसके बाद उसे स्कूल जाना था, लेकिन न वह स्कूल पहुंची और न ही घर वापस लौटी. जब बच्ची देर तक नहीं लौटी, तो परिजनों ने तुरंत पटना पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी और थाने में मामला दर्ज कराया.
शव पर कई चोटों के निशान
पुलिस ने बुधवार देर शाम ही मामले में जांच शुरू कर दिया था, लेकिन लगभग 24 घंटे बाद गुरुवार (23 अप्रैल) सुबह बच्ची का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ. बाईपास थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में छात्रा की हत्या की बात सामने आ रही है. शव पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही, क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बच्ची की अंतिम गतिविधियों और संभावित अपराधियों का पता लगाया जा सके.
स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल
छात्रा की बॉडी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है. इसे लेकर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वे लगातार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि छात्रा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं. लग रहा है कि उसकी हत्या की गई है. एफएसएल की टीम जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा. वहीं, छात्रा के पिता ने कहां कि मेरी बेटी सुबह दूध देने निकली थी. पता नहीं कौन उसे बहलाकर ले गया. हमने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी, लेकिन आज उसकी लाश मिली. हमारी बच्ची को इंसाफ मिले, दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले.
