पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में जहरीली शराब पीने मामले में एक और शख्स ने दम तोड़ दिया है. बताया जा रहा है कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया के रहने वाले लालकिशोर राय की मौत हो गई है. अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से अधिक लोगों के बीमार होने की पुष्टि हुई है. जानकारी के मुताबिक, इस कांड के बाद शराब पीने वाले लोगों में काफी डर देखने को मिल रहा है. दहशत का आलम यह है कि शराबी खुद अपनी जांच के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं और अपना चेकअप करवा रहे हैं.
इतना बड़ा कांड होने के बाद प्रशासन नींद से जागा और तुरकौलिया प्रभारी उमाशंकर मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके अलावा परसौना के चौकीदार भरत राय को भी निलंबित करते हुए गिरफ्तार किया गया है. एसपी ने बताया कि इस मामले में चौकीदार भरत राय और मुख्य आरोपी नागा राय को उनके परिवार की महिलाओं के साथ गिरफ्तार किया गया है. मोतिहारी एसपी द्वारा गठित SIT की जांच में जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ.
जांच में पता चला कि पिपराकोठी के स्प्रिट माफिया कन्हैया और राजा ने स्प्रिट मंगवाई. इसे परसौना निवासी खलीफा और सुनील शाह को बेचा गया, जिन्होंने आगे नागा राय और जम्मू बैठा को सप्लाई किया था. वहीं इस मामले में अब सियासत भी गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसे शराबबंदी कानून की विफलता बताया है. उन्होंने दावा किया कि अब तक 1300 से अधिक लोगों की मौत जहरीली शराब से हो चुकी है.
इस मामले में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि शराबबंदी के बावजूद राज्य में घर-घर शराब की बिक्री हो रही है और नशे का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि जहरीली शराब के इस कारोबार में माफियाओं के साथ-साथ कुछ पदाधिकारियों की भी मिलीभगत है.
