सीवान से भाजपा के पूर्व एमएलसी और दिग्गज नेता मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या करने वाले आरोपी छोटू कुमार यादव का पुलिस ने हॉफ एनकाउंटर कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, अपराधी छोटू यादव के दोनों पैर में गोली लगी है. बताया जा रहा है कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव का रहने वाला छोटू यादव पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हुआ है. उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. घटनास्थल से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है. हुसैनगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने इस एनकाउंटर की कार्रवाई को किया है.
इसकी जानकारी सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने दी है. पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधी की पहचान कर उसका पीछा किया था. अपराधी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर ही करीब 5 राउंड फायरिंग कर दी . पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, इस दौरान पैर में गोली लगने के बाद छोटू यादव गिर गया और पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया. घायल छोटू यादव को सीवान सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया है.
बता दें कि बीती रात नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास गाड़ी साइड करने को लेकर भाजपा के पूर्व एमएलसी और मनोज सिंह के भांजे हर्ष कुमार और उनके बहनोई चंदन सिंह से बदमाशों की बहस हुई थी. इसी दौरान छोटू ने भाजपा नेता के भांजे हर्ष कुमार और उनके बहनोई पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं. इसमें भांजे की मौत हो गई थी. वहीं बहनोई चंदन सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है और वे पटना में मौत से जंग लड़ रहे हैं.
घटनास्थल से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है. इस मामले में SP पूरन कुमार झा ने बताया कि छोटू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है. उसने बताया कि घटना में 4 लोग शामिल थे. पुलिस टीम छोटू को हथियार बरामद करने के लिए ले जा रही थी,इसी बीच उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी,जिसके जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी है.
