सीवान में पूर्व एमएलसी और भाजपा नेता मनोज सिंह के रिश्तेदारों पर हुए गोलीबारी मामले में वारदात से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को साफ कर दिया है. फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कार से पहुंचे बदमाश किस तरह बेखौफ होकर बीच सड़क पर गोलीबारी कर रहे हैं. बीती रात नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के पास बदमाशों ने पूर्व एमएलसी और भाजपा नेता मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह और भांजे हर्ष कुमार को गोली मारी थी. जिसमें हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं घायल चंदन सिंह का इलाज पटना में चल रहा है जहां स्थिति गंभीर बनी हुई है.
बताया जा रहा है कि फुटेज में एक हमलावर हाफ टी-शर्ट और हाफ पैंट में हाथ में पिस्टल लिए नजर आ रहा है. घटना से पहले हमलावरों और पीड़ित पक्ष के बीच बहस भी होती दिखाई दे रही है. इसी दौरान अचानक बदमाश गोली चलाना शुरू कर देते हैं. आसपास मौजूद लोग इस घटना को देखकर दहशत में इधर-उधर भागते नजर आते हैं.
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर आराम से मौके से फरार होते भी CCTV में कैद हुए हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल, पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुट गई है.
पुलिस की ओर से दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं.
