1. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मकेश्वर पंडित हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है. तीन दिन पहले सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिले शव ने इलाके में सनसनी फैला दी थी, लेकिन अब जांच में सामने आई सच्चाई ने रिश्तों की मर्यादा को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है. इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतक के बहनोई और गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे अवैध संबंध और प्रेम प्रसंग मुख्य वजह रहे, जिसके चलते साजिश रचकर एक शूटर से इस वारदात को अंजाम दिलाया गया.
शव मिलने से शुरू हुई जांच
एसडीपीओ वेस्ट-2 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि 2 अप्रैल की रात मोतीपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था. बाद में उसकी पहचान मकेश्वर पंडित के रूप में हुई. शुरुआती जांच में ही स्पष्ट हो गया था कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी.
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जांच के दौरान यह सामने आया कि मृतक की पत्नी और गांव के मुन्ना पंडित के बीच प्रेम संबंध थे. जब इस बात की जानकारी मकेश्वर पंडित को हुई, तो उसने गुस्से में आकर मुन्ना का मोबाइल तोड़ दिया था. इसी घटना के बाद दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई और मुन्ना ने बदला लेने की ठान ली.
बहनोई भी निकला साजिश का हिस्सा
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मृतक का बहनोई महेश पंडित भी इस साजिश में शामिल था और उसके भी मृतक की पत्नी से संबंध थे. आरोप है कि दोनों ने मिलकर एक शूटर को हायर किया और मकेश्वर पंडित की हत्या करवा दी. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
