बेगूसराय में दिनदहाड़े खूनी खेल: पहले बेरहमी से पीटा फिर मार दी गोली, 15 साल पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंजाम

News Ranchi Mail
0

                                                                       


 

बिहार के बेगूसराय में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला परिहारा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 का है, जहां बेखौफ बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान राजेंद्र साहनी के पुत्र बिरजू सहनी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना उस वक्त हुई जब बिरजू सहनी खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था. इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक अपराधी मौके पर पहुंचे और उसे जबरन उठाकर ले जाने लगे. विरोध करने पर अपराधियों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर कुछ दूरी पर ले जाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है.

परिजनों ने जताई पुरानी दुश्मनी की आशंका
परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक खोजबीन के बाद उन्हें बिरजू सहनी का शव घर के पास ही पड़ा मिला. उन्होंने बताया कि करीब 15 साल पहले इसी स्थान के आसपास बिरजू के पिता की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें बिरजू सहनी गवाह था. ऐसे में परिजनों को शक है कि पुरानी रंजिश के चलते ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है.

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही परिहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मृतक मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही बेंगलुरु से अपने गांव लौटा था. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है. स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं. हालांकि, पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !