बिहार में साल 2016 से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है. पुलिस को इस कानून का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सोचिए जिसे इसकी कमान सौंपी जाए अगर वही इस अवैध धंधे के सारथी बन गए हैं, तो क्या होगा? ऐसा ही एक मामला गोपालगंज से सामने आया है. दरअसल, गोपालगंज पुलिस ने शराब माफियाओं पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने ही महकमे के दो सिपाहियों को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक लग्जरी ब्रेजा कार को रोका. उसकी तलाशी लेने पर कार के अंदर से 300 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब के साथ कार सवार दो युवकों को भी हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है. दोनों बिहार पुलिस के सिपाही पाए गए. गिरफ्तार सिपाहियों के प्रोफाइल ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है.
कहा जा रहा है कि एक आरोपी एसपी ऑफिस के टेक्निकल सेल में तैनात था, जबकि दूसरा आरोपी जेडीयू विधायक मंजीत सिंह का बॉडीगार्ड था. जांच में पता चला है कि आरोपी सिपाही अमित कुमार देर रात करीब 12:30 बजे विधायक आवास की अपनी ड्यूटी छोड़कर निजी कार से यूपी से शराब की खेप लाने गया था. हालांकि, बिहार सीमा में प्रवेश करते ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया. उधर सारण जिले में एक चौकीदार का शराब पीते हुए वीडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
