मुजफ्फरपुर में स्थित नरौली वृहद आश्रय गृह (बालक) से फरार 10 बच्चों में से 4 बच्चों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने इस बात की जानकारी दी है. बता दें कि बीती 10 मई की देर रात बाल आश्रय गृह से 10 बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में फरार हो गए थे. 10 बच्चों के गायब होने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया था. इस सूचना के मिलते ही स्थानीय मुशहरी थाना की पुलिस के साथ SDM पूर्वी तुषार कुमार और डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे थे.
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालते हुए जांच शुरू की और आसपास के इलाके में सर्च अभियान चलाया. इन बच्चों में 4 को तो बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य बच्चों की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि अन्य बच्चों को भी जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा. वहीं जांच में यह बात भी सामने आई है कि जिस समय बच्चे फरार हुए, उस दौरान ड्यूटी पर तैनात कुछ गार्ड सो रहे थे. प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लगे 6 होमगार्ड जवानों को हटा दिया है.
वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि इतनी बड़ी सुरक्षा चूक सिर्फ गार्डों की लापरवाही से नहीं हो सकती. ऐसे में बाल गृह प्रबंधन और अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए. इस घटना के बाद मुजफ्फरपुर डीएम के आदेश पर पूरे मामले की जांच के लिए एक कमिटी गठित की गई है. यह कमिटी सुरक्षा व्यवस्था, स्टाफ की भूमिका और बच्चों के फरार होने की परिस्थितियों की जांच करेगी.
