समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जहां ट्रैक्टर चालक का शव चिमनी के पास बरामद होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. मृतक पिछले छह महीने से ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाने का काम करता था और मजदूरी के पैसे को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है.
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट गई है. पूरी घटना समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के किशनपुर बैकुंठ गांव का है, जहां मुजारी चौर स्थित गोपालपुर चिमनी के पास ट्रैक्टर चालक का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान दरभंगा जिले के बहेरी थाना क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र राम के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 15 वर्षों से अपने ससुराल किशनपुर बैकुंठ में रहकर मजदूरी करता था.
बताया जा रहा है कि मृतक पिछले छह महीने से गोपालपुर चिमनी पर ट्रैक्टर चालक के रूप में काम कर रहा था. परिजनों का आरोप है कि चिमनी संचालक के यहां उसकी करीब छह महीने की मजदूरी बकाया थी. मजदूरी मांगने पर उसे कभी 500 तो कभी 600 रुपये देकर टाल दिया जाता था, जबकि उसकी मासिक मजदूरी 15 हजार रुपये तय थी.
मृतक का भतीजा का बताना है कि रात करीब 10 बजे फोन आया कि चाचा का एक्सीडेंट हो गया है. जब हम लोग मौके पर पहुंचे तो ट्रैक्टर अलग खड़ा था और शव कुछ दूरी पर पड़ा हुआ था. मोबाइल भी फेंका हुआ मिला. शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, खासकर सीने और गर्दन पर. हमें लगता है कि पैसों के विवाद में हत्या की गई है और उसे एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश किया जा रहा है. जहां शव मिला वहां ट्रैक्टर पूरी तरह सही हालत में खड़ा था. मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों का परिवार छोड़ गया है, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है.
वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज आगे की कार्रवाई में जुट गई है. पुलिस का बताना है कि परिजनों की ओर से अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
.jpg)