रांची : राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में शुक्रवार को जूनियर डॉक्टरों का गुस्सा खुलकर सामने आया। पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज डॉक्टरों ने रिम्स डायरेक्टर डॉ. राजकुमार के चैंबर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैलरी अलॉट नहीं होने के कारण उन्हें लगातार आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में डॉक्टरों ने “नो पे, नो वर्क” के नारे लगाते हुए डायरेक्टर चैंबर के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने लंबित वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग की। इस दौरान डॉक्टरों ने डायरेक्टर चैंबर के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और बाहर बैठकर विरोध जताया।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
