समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिन-दहाड़े एक गैराज मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. यह घटना ताजपुर थाना क्षेत्र के गांधी चौक पर हुई, जहां मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने गैराज मालिक संजीव कुमार साहनी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान मोतीपुर गांव के निवासी देवकी साहनी के बेटे संजीव कुमार साहनी के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि संजीव अपने गैरेज में काम कर रहे थे, तभी मोटर साइकिल पर सवार होकर दो अपराधी वहां आ पहुंचे. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों में से एक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा संजीव के पास गया और बेहद करीब से उनकी छाती में गोली मार दी. गोली लगते ही संजीव जमीन पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद, दोनों हमलावर चक सिकंदर रोड की तरफ भाग निकले. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई.
स्थानीय लोग घायल संजीव को तुरंत ताजपुर रेफरल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस हत्या से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत करने के प्रयास शुरू कर दिए. फिलहाल, पुलिस मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच कर रही है.
