सीवान में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान गुड्डू सिंह के रूप में हुई है. हत्या का आरोप मृतक के ही चचेरे भाई पिंकू कुमार सिंह पर लगाया गया है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना पचरुखी थाना क्षेत्र के जसौली मुर्गिया टोला की बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
बताया जा रहा है कि गुड्डू सिंह बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल गुड्डू सिंह को आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल लाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
.jpg)