मुजफ्फरपुर में पुलिस की सख्ती का असर अपराधियों पर देखने को मिल रहा है. ऐसे ही एक पुराने मामलों में फरार चल रहे अभियुक्त के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस को देखकर दो आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया. मामला मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के बगही मालिकाना गांव का बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, कई मामलों में फरार चल रहे अभियुक्त सुभाष भगत उर्फ सुरेश महतो के खिलाफ कोर्ट से कुर्की का आदेश जारी हुआ था. आदेश के बाद पुलिस बुलडोजर लेकर उसके घर पहुंची. पुलिस के बुलडोजर कार्रवाई की भनक लगते ही अभियुक्त ने डर के कारण खुद को पुलिस के हवाले कर दिया.
वहीं, दूसरा मामला मोरसंडी मठिया गांव का बताया जा रहा है, जहां विजय राय नामक अभियुक्त के खिलाफ भी पुलिस बुलडोजर कार्रवाई करने पहुंची थी. पुलिस के बुलडोजर के साथ पहुंचते ही उसने भी आत्मसमर्पण कर दिया.
इन दिनों बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिशा निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश, कुर्की और बुलडोजर कार्रवाई जैसे कदम उठा रही है, जिससे अपराधियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है. अपराधियों में बुलडोजर कार्रवाई का खौफ साफ तौर पर दिख रहा है.
