सिवान से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर बैठी एक युवती को गोली मारकर घायल कर दिया. बताया जा रहा है कि युवती के पैर में गोली लगी है. गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल युवती को सिवान सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है. पड़ोसी पर गोली चलवाने का आरोप लगा हुआ. घटना दरौली थाना क्षेत्र के दोन बुज़ुर्ग गांव की है. घायल युवती की पहचान स्वर्गीय आनंद बिहारी सिंह की 24 वर्षीय बेटी काजल कुमारी के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि बीती रात काजल अपनी मां के साथ रोज की तरह घर के बाहर बैठी थी. इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और किसी व्यक्ति का घर पूछने लगे. इसके बाद दोनों बदमाशों ने अचानक हथियार निकाल लिया और गोली चला दी. इस दौरान गोली युवती के जांघ में लगी. गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. गोलीबारी में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया. घायल काजल की बहन अंजली ने पूरे मामले में पड़ोस की एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अंजली के अनुसार, उनके भाई की हाल ही में पटना सचिवालय में सरकारी नौकरी लगी है. भाई की नौकरी लगने के बाद से ही पड़ोस की एक लड़की जबरन शादी का दबाव बना रही थी.
पीड़िता की बहन ने कहा कि परिवार द्वारा विरोध करने पर वह लगातार धमकी दे रही थी. परिजनों का आरोप है कि उसी युवती ने साजिश रचकर बदमाशों से गोली चलवाई है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश करने में जुटी हुई है. घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है.
