राजधानी पटना के दानापुर इलाके में एक होटल में ठहरी छात्रा के साथ छेड़खानी मामले में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है. इसके साथ ही छात्रा से छेड़खानी करने वाला एक आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है. गिरफ्तार युवक शाहपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी देखा, जिसमें तीन युवक कमरे में घुसकर लड़की से छेड़खानी का प्रयास कर रहे थे.
इस पूरे मामले में सिटी SP भानु प्रताप सिंह ने बताया कि छात्रा अपने पिता के साथ एग्जाम देने आई थी. वह जिस होटल में ठहरी थी, वहां रात को उसके साथ छेड़खानी की घटना घटित हुई थी. छात्रा ने अपने पिता के साथ मिलकर पुलिस में मामला दर्ज कराया था. पिता का आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की. सीसीटीवी के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. होटल को भी सील कर दिया गया है.
बता दें कि यह घटना रूपासपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल में घटित हुई थी. जानकारी के मुताबिक, छात्रा अपने पिता के साथ रूपासपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लॉ कॉलेज के पास स्थित 'होटल हिडन विला' के कमरा नंबर 103 में ठहरी हुई थी. आरोप है कि देर रात एक युवक होटल पहुंचा और किसी बहाने से एक छात्रा को उसके कमरे से बाहर बुलाया. इसके बाद उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया था.
