पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार (21 मई) को संदिग्ध परिस्थितियों में एक छात्रा की मौत हो गई. मृतका की पहचान रिमी कुमारी (21 वर्षीय) के रूप में हुई है. मृतका मुजफ्फरपुर के लक्ष्मी चौक इलाके की रहने वाली थी, उसके पिता टेंट व्यवसायी हैं. इस केस में कॉलेज के प्रिंसिपल के बयान और मुफस्सिल थाने की SHO प्रियंका के दावे एक-दूसरे के बिल्कुल विपरीत हैं. पुलिस और कॉलेज प्रशासन के विरोधाभासी बयानों ने इस केस को ठीक उसी तरह से उलझा दिया है, जैसे पटना नीट छात्रा मौत मामले में हुआ था.
पटना में नीट छात्रा मौत मामले में बिहार पुलिस की भूमिका, उसकी शुरुआती थ्योरी और लापरवाही को लेकर भारी विवाद हुआ था. इस मामले में SI रोशनी कुमारी ने घटनास्थल को सील नहीं किया. यही नहीं बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट आए ही आत्महत्या साबित कर दिया था.
इतना ही नहीं बिहार पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी अपने SI की बातों का समर्थन कर रहे थे. बाद में जब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आई तो उसमें छात्रा के साथ दुर्व्यहार की बात सामने आई. लड़की के अंडरगार्मेंट्स पर ह्यूमन स्पर्म मिले थे. इसके बाद केस सीबीआई को सौंपा, लेकिन सबूत नहीं होने के कारण सीबीआई भी अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है.
ठीक इसी तरह से मोतिहारी की इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस की भारी लापरवाही देखने को मिल रही है. SHO प्रियंका ने पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आए बिना ही इसे सीधे तौर पर 'आत्महत्या' का मामला बता दिया और किसी भी यौन उत्पीड़न से इनकार किया है, जबकि छात्रा के पिता का दावा है कि उनकी बेटी की गला घोंटकर हत्या की गई है. पुलिस ने अब मृतक छात्रा के प्रेमी रॉबिन को गिरफ्तार किया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना से ठीक पहले रॉबिन ने छात्रा को 'आई लव यू' का मैसेज भेजा था, जिसके जवाब में छात्रा ने भी 'आई लव यू टू' लिखा था. इसके बाद छात्रा अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई थी.
