वैशाली जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. सीएम सम्राट चौधरी की सख्त चेतावनी के बावजूद वैशाली में बेखौफ बदमाशों ने आज (शनिवार, 9 मई) एक बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया. दरअसल, हाजीपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक किराना दुकानदार को अपराधियों ने गोलियों से छलनी कर दिया. जमीनी विवाद में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना वैशाली जिले के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के आरएन कॉलेज के पास की है.
यहां सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से घायल व्यक्ति की पहचान महनार निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि जितेंद्र सिंह आरएन कॉलेज के पास किराए के मकान में रहकर किराना दुकान चलाते हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह के समय जितेंद्र सिंह रोज की तरह टहलने निकले थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें तीन गोली जितेंद्र सिंह को लगीं.
घायल जितेंद्र सिंह के हाथ में 2 गोलियं लगीं हैं, जबकि एक गोली सीने में लगी है. गोलीबारी की इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
घटना के पीछे जमीनी विवाद को वजह माना जा रहा है. वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
