गुप्त सूचना के आधार पर किशनगंज टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंगाल-बिहार बॉर्डर स्थित रामपुर चेक पोस्ट के पास एक स्कॉर्पियो वाहन से करीब 700 ग्राम हेरोइन बरामद की है. इस दौरान पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये बताई जा रही है.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) खुसरो शिराज ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक तस्कर गिरोह भारी मात्रा में हेरोइन लेकर किशनगंज पहुंचने वाला है. सूचना के आधार पर SP के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने रामपुर चेक पोस्ट के समीप वाहन जांच अभियान चलाते हुए संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोका और तलाशी के दौरान हेरोइन बरामद कर ली.
पुलिस ने मौके से किशनगंज जिले के रहने वाले श्याम लाल हरिजन, हुसैन आरजू और मोहम्मद आलम को गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से हेरोइन के अलावा 22,400 रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस सभी बरामद सामानों को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखकर मामले की जांच में जुट गई है.
SDPO ने बताया कि इस मामले में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है. साथ ही बरामद हेरोइन के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों की अवैध संपत्तियों की भी पहचान कर रही है, ताकि तस्करी से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके.
