राजधानी पटना के दानापुर इलाके के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित हथियाकांध गांव में दिनदहाड़े हुए लूटकांड को पटना पुलिस ने 48 घंटे में सुलझा दिया है. यहां दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया गया था. इस सनसनीखेज मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि लूट की पूरी साजिश घर की बहू ने ही रची थी. पुलिस ने इस केस में बहू समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, 12 जून को राजेंद्र साह के घर में हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर बुजुर्ग महिला को बंधक बना लिया था और पिस्टल के बल पर नकदी व आभूषण लूटकर फरार हो गए थे. घटना के बाद शाहपुर थाना में कांड संख्या 243/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी.
वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के साथ इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. जांच के दौरान सीसीटीवी में तीन संदिग्धों की गतिविधियां सामने आईं. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लुटेरों और घर की बहू को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में पवन कुमार (दीघा), कौशल कुमार (लक्ष्मीचक, शाहपुर), हिमांशु कुमार (दीघा) तथा प्रीति देवी (हथियाकांध) शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि प्रीति देवी ने ही घर की अंदरूनी जानकारी अपराधियों को उपलब्ध कराई थी और लूट की योजना बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, पिस्टलनुमा एयरगन, लूटे गए 3.42 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, चांदी का सिक्का तथा घटना में प्रयुक्त तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पवन कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.
इस सफल कार्रवाई में शाहपुर थाना की टीम, दानापुर-1 की तकनीकी टीम, नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी की तकनीकी टीम तथा पटना की सीसीटीवी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. अनुमंडल पुलिस अधिकारी शिवम धाकड़ ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
