दरभंगा जिले के हायाघाट थाना क्षेत्र के रजौली गांव में दो दोस्तों के बीच मोबाइल नंबर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव, लाठी-डंडे और भाले चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जिसका लाइव CCTV वीडियो भी सामने आया है.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राज सहनी ने मो. फैयाज का मोबाइल नंबर मांगा था. मोबाइल नंबर नहीं देने पर राज सहनी और मो. एजाज के बीच मारपीट शनिवार को देर शाम शुरू हो गई. इसके बाद दोनों मुस्लिम पक्ष के लोग भड़क गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. मुस्लिम समुदाय के लोग लाठी-डंडे से हमला कर दिए.
सूचना मिलते ही हायाघाट थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया. पुलिस ने मौके से मो. डब्लू, मो. एजाज, मो. राजा और शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, दोनों पक्षों के कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों को हल्की चोटें आई हैं. सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य है और एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.
वहीं, स्थानीय विधयक और मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने भी कड़ी कार्रवाई की बात कही है और घटना की निंदा भी किया है.
