मोतिहारी में पताही प्रखंड स्थित समुदाय स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक महिला सुरक्षा गार्ड के साथ कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है. आरोप है कि अस्पताल में एम्बुलेंस सहायक के पद पर कार्यरत शुभम कुमार लंबे समय से महिला गार्ड पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था. घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ. मिली जानकारी के अनुसार, महिला गार्ड अस्पताल में नियमित रूप से अपनी ड्यूटी कर रही थी. इसी दौरान एम्बुलेंस सहायक शुभम कुमार द्वारा लगातार फब्तियां कसने और अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है.
महिला गार्ड ने युवक की कर दी पिटाई
महिला गार्ड ने शुरुआत में मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन कथित रूप से बार-बार की जा रही हरकतों से वह परेशान हो गई. बताया जा रहा है कि गुरुवार (25 जून, 2026) को महिला गार्ड ने आरोपी युवक का विरोध किया. विवाद बढ़ने पर महिला गार्ड ने अस्पताल परिसर में ही शुभम कुमार की लात-घूंसों और चप्पल से पिटाई कर दी. इस दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई. घटना का वीडियो भी किसी ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वायरल वीडियो में महिला गार्ड युवक की पिटाई करती दिखाई दे रही है.
अस्पताल में बना अफरा-तफरी का माहौल
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. इस संबंध में किसी पक्ष द्वारा थाने में लिखित शिकायत दिए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है. मामले को लेकर अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. वहीं, पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है. यदि शिकायत दर्ज होती है तो मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
