बिहार के नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र स्थित मंसूरनगर में मजदूरी भुगतान को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मारपीट की इस घटना में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
घायल दीपक कुमार ने आरोप लगाया है कि वैशाली जिले में तैनात एक कांस्टेबल के मकान निर्माण कार्य में करीब 15 मजदूरों ने काम किया था, जिनकी मजदूरी के लगभग 58 हजार रुपये बकाया थे. दीपक का कहना है कि वह मजदूरों की ओर से बकाया भुगतान की मांग कर रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया.
दीपक कुमार का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कई लोग उसके घर पहुंच गए और कांस्टेबल के इशारे पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया. इस हमले में दीपक कुमार, उसकी पत्नी ममता देवी, मां सिद्धि देवी, पिता देवेंद्र पंडित समेत परिवार के सात सदस्य घायल हो गए. घायलों का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में जारी है.
हालांकि, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक कुमार पर करीब 15 हजार रुपये बकाया होने का विवाद था, जिसके कारण दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा. मामले को लेकर दोनों पक्षों ने सोहसराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
