झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में साफी नदी के बालू में दबे मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर हुए विवाद के कारण की गई थी. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
मामले के खुलासे के लिए टंडवा SDPO प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था. रांची की FSL टीम की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई. जांच के दौरान शव की पहचान रांची जिले के राहे क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और साक्ष्य आधारित जांच को आगे बढ़ाया.
पुलिस के अनुसार, मृतका का मनातू निवासी सूरज कुमार के साथ प्रेम संबंध था. युवती लगातार सूरज पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी से बचने के लिए सूरज ने अपने दोस्तों पवन महतो, राहुल भुइयां और रोहित कुमार महतो के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची. योजना के तहत आरोपी युवती को मेला घुमाने के बहाने पंडरिया जंगल ले गए.
जंगल में आरोपियों ने पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर चाकू तथा ईंट से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को साफी नदी के किनारे बालू में दफना दिया गया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, ईंट, बाइक और मृतका का सैंडल बरामद कर लिया है.
