जमुई में खूनी खेल: घर में घुसकर तलवार-टांगी से हमला, इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान घायल महिला की मौत

News Ranchi Mail
0

                                                 


 

बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में रविवार रात हुई खूनी वारदात ने सोमवार को और दर्दनाक मोड़ ले लिया. घर में घुसकर हथियारों से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल बेबी देवी की जमुई से बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई. घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम का माहौल है. बताया जाता है कि रविवार रात करीब 9 बजे दर्जनभर हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए. आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर की बिजली बंद कर दी और फिर तलवार, टांगी समेत अन्य हथियारों से परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस दौरान दो-तीन राउंड फायरिंग करने तथा शादी के लिए रखे गए जेवर और मोबाइल लूटकर फरार होने का भी आरोप लगाया गया है.

हमले में बेबी देवी समेत छह लोग घायल हुए थे. सभी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, झाझा ले जाया गया, जहां से बेबी देवी, सुहागा देवी, काजल कुमारी, कोमल कुमारी और सुबोध कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, जमुई रेफर किया गया था. वहां से बेबी देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना के समय परिवार के मुखिया दिनेश यादव अपनी बेटी काजल कुमारी की 1 जुलाई को होने वाली शादी की खरीदारी के लिए झाझा बाजार गए हुए थे.

परिवार का कहना है कि जमीन बंटवारे के पुराने विवाद को लेकर वासुदेव यादव ने अपने रिश्तेदारों और अन्य लोगों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. घायल काजल कुमारी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान चलाई गई गोली उसकी मां सुहागा देवी के पैर में लगी. इसके अलावा बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया और शादी के लिए रखे गए जेवर भी लूट लिए. गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी बाइक से फरार हो चुके थे.

बेबी देवी की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने दादपुर गांव के समीप झाझा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. सूचना मिलने पर झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई. पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले में सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. बेबी देवी की मौत के बाद अब यह मामला और गंभीर हो गया है तथा पुलिस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच कर रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !