सारण जिले में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद देखने को मिल रहे हैं. यहां मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रविवार (28 जून) की देर रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए दोहरे हत्याकांड के एक गवाह की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. जानकारी के अनुसार, दिनांक 28/29 जून की रात करीब 12:20 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी है. सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा, जहां दो युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले. दोनों की पहचान मेथवलिया गांव निवासी पंकज राय एवं मनीष कुमार के रूप में हुई.
पुलिस द्वारा दोनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल छपरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पंकज राय को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. प्राथमिक जांच में दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हमला था. घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक सारण एवं सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली.
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि मृतक पंकज राय मुफ्फसिल थाना कांड संख्या-336/2024 के एक महत्वपूर्ण गवाह थे. बताया जा रहा है कि उन्होंने पूर्व में पुलिस सुरक्षा के बीच न्यायालय में गवाही भी दी थी. ऐसे में हत्या को पुरानी रंजिश और गवाही से जोड़कर देखा जा रहा है. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लोगों ने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है. पुलिस वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है तथा कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. घायल मनीष कुमार से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल, क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.
.jpg)