बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र की हरपुर भिंडी पंचायत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रविवार देर रात एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही ताजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति विक्की कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
ऐसा बताया जा रहा है कि देर रात जब आसपास के सारे लोग सो रहे थे, तभी आरोपी विक्की कुमार ने अपनी पत्नी सोनी देवी के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए. महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव को मायके पक्ष के लोगों के साथ हरपुर भिंडी गांव लाया गया, जबकि तब तक ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार हो चुके थे. बाद में ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार किया गया.
पूर्व मुखिया सुरेंद्र राय अटल ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और घर में अक्सर विवाद होता रहता था. उनके अनुसार, इसी विवाद के बीच आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया. आरोपी के परिवार में उसकी बुजुर्ग मां और अविवाहित बहन रहती हैं, जबकि आरोपी के पिता पश्चिम बंगाल के वर्धमान में रहकर मजदूरी करते हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
मृतका के पिता, सरायरंजन प्रखंड के बरबट्टा निवासी लाल बाबू साह ने बताया कि उन्होंने तीन वर्ष पहले अपनी बेटी सोनी देवी की शादी हरपुर भिंडी वार्ड-11 निवासी विक्की कुमार से की थी. शादी के कुछ समय बाद विक्की की मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी, हालांकि वह झालमुड़ी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कभी ससुराल की शिकायत नहीं करती थी. परिवार ने विक्की की दूसरी शादी कराने की योजना बनाई थी, जो मलमास के बाद होनी थी, लेकिन सोनी देवी इसके पक्ष में नहीं थी. परिवार के समझाने के बावजूद वह करीब 10 दिन पहले ही अपने ससुराल लौट आई थी, जहां यह दर्दनाक घटना हो गई.
