मुजफ्फरपुर जिला में एक गर्भवती महिला की हत्या कर शव को खेत में गाड़ दिया. पुलिस ने चार दिनों के बाद गायब गर्भवती महिला के शव को ईंट भट्टा के पास से बोरे में बरामद किया है. अब पुलिस सुसराल वालो को खोज रही है. मामला पियर थाना क्षेत्र के नूनफरा पंचायत के कोइली गांव का है. यहां से चार दिनों से 7 महीने की गर्भवती महिला गायब थी और महिला के मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए सुसराल वालों पर प्राथमिकी दर्ज कराया है.
दरअसल, पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के नूनफरा पंचायत के कोइली गांव का है, जहां से चार दिन पूर्व बिट्टू कुमार की पत्नी खुशबू कुमारी, जो 7 माह की गर्भवती थी. वह लापता हो गई थी और बेटी के लापता होने की सूचना जब खुशबू कुमारी के पिता को मिली, तो खुशबू कुमारी के पिता अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे. मगर, न तो उन्हें वहां अपनी बेटी मिली और न ही बेटी के ससुराल के कोई लोग मिले, सभी लोग घर से फरार मिले. जिसके बाद खुशबू कुमारी के पिता को अनहोनी की आशंका हुई.
खुशबू कुमारी के पिता पियर थाना पहुंच अपने बेटी की हत्या कर शव को ससुराल वालों की ओर से छुपा देने का आरोप लगाया और एक प्राथमिक दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पियर थाने की पुलिस ने गायब महिला की तलाश में जुट गई थी. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला का शव ईंट भट्टा के समीप बोरा में फेंका हुआ है. इसके बाद पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए खुशबू कुमारी के शव को बरामद कर लिया है.
पुलिस ने शव बरामद करते हुए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है और तमाम साक्ष्य को एकत्रित किया गया, ताकि हत्या कैसे हुई? उसकी सच्चाई सामने आ सके. फिलहाल, पुलिस शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजकर आगे की प्रक्रिया में जुटी हुई है.
पूरे मामले को लेकर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि एक गायब महिला का बोरे में बंद शव बरामद किया गया है. मृतक महिला के पिता के बयान के आधार पर प्राथमिक दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कराई जा रही है.
